Saturday, August 22, 2020

कृषि मंत्री ने वार्ड नंबर 15 में इंदिरा रसोई का उद्घाटन किया

Saturday: 22nd August 2020 at 18:00:45 IST 2020
 इस रसोई से मिला करेगा 8 रुपए में पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन 
जयपुर: 22 अगस्त 2020: (राजस्थान स्क्रीन ब्यूरो):: 

कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री श्री लालचंद कटारिया ने शनिवार को यहां कालवाड रोड स्थित वार्ड नंबर 15 नगर निगम कार्यालय में इंदिरा रसोई का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। 
 मंत्री श्री कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब एवं मजदूर वर्ग को हर तरह की सहायता एवं सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है। इसी कड़ी में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर ‘इंदिरा रसोई योजना’ का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार का ‘कोई भी भूखा नहीं सोए’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। इस रसोई के माध्यम से 8 रुपए में पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन मिलेगा। उन्होंने बताया कि यहां दोपहर का भोजन सुबह 8ः30 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम का भोजन सायं 5 बजे से रात 8 बजे तक मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए अधिकाधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ देने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उपायुक्त नगर निगम श्रीमती ममता नागर, अधिशाषी अभियंता सिविल श्री दिनेश गुप्ता, पूर्व पार्षद श्री महादेव मेहता सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment