Friday, January 30, 2026

आईआईटी जोधपुर में समावेशी डिज़ाइन पर शोध:

 शिक्षा मंत्रालय//प्रविष्टि तिथि: 30 January 2026 at 6:00 PM by PIB Jaipur

इस क्षेत्र में हो रहा है बहुत सा काम 

आईआईटी जोधपुर में समावेशी डिज़ाइन पर शोध: खेलों और AR, VR व MR तकनीकों से सीखने और पुनर्वास को बनाया जा रहा अनुभवात्मक IIT जोधपुर की इंटरऐक्ट लैब ऐसे मानव-केंद्रित तकनीकी समाधान विकसित कर रही है, जो सीखने, पुनर्वास और डिजिटल अनुभवों को अधिक समावेशी, सहज और सशक्त बनाते हैं। 


जोधपुर
: 30 जनवरी 2026: (PIB Jaipur//राजस्थान स्क्रीन डैस्क)::

क्या उभरती हुई तकनीकें सभी के लिए सीखने को आसान बना सकती हैं? क्या डिजिटल उपकरण दिव्यांगजनों की अधिक प्रभावी सहायता कर सकते हैं? क्या तकनीक के साथ हमारा संवाद इतना सहज हो सकता है कि वह रोज़मर्रा के जीवन का स्वाभाविक हिस्सा बन जाए?

इन महत्वपूर्ण सवालों के जवाब खोजने का कार्य भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) जोधपुर के स्कूल ऑफ़ डिज़ाइन स्थित इंटरैक्शन एंड क्रिएटिव टेक्नोलॉजी (InterACT) लैब में किया जा रहा है।

InterACT लैब का उद्देश्य ऐसे सरल, उपयोगकर्ता-अनुकूल और समावेशी तकनीकी समाधान विकसित करना है, जो सीखने, पुनर्वास और मानव–डिजिटल संवाद को बेहतर बना सकें। इस शोध कार्य का नेतृत्व डॉ. प्रांजल प्रतिम बड़ा, सहायक प्राध्यापक, स्कूल ऑफ़ डिज़ाइन, IIT जोधपुर कर रहे हैं। उनका मानना है कि तकनीक को लोगों के अनुसार ढलना चाहिए, न कि लोगों को तकनीक के अनुसार।

डॉ. बड़ा कहते हैं, “तकनीक को लोगों के अनुरूप होना चाहिए, न कि लोगों को तकनीक के अनुसार खुद को बदलने के लिए मजबूर करना चाहिए। InterACT लैब में हम वास्तविक जीवन की समस्याओं, मानवीय आवश्यकताओं और क्षमताओं को समझकर समाधान तैयार करते हैं।”

दो प्रमुख क्षेत्र, एक साझा लक्ष्य: समावेशी तकनीक

InterACT लैब का शोध दो मुख्य क्षेत्रों पर केंद्रित है, जिनका उद्देश्य मानव-केंद्रित डिज़ाइन के माध्यम से वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान करना है।

सहायक तकनीकों के माध्यम से सीखने और पुनर्वास को बेहतर बनाना

हालाँकि डिजिटल तकनीकों ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाया है, फिर भी कई लोग, विशेष रूप से दिव्यांगजन और सीमित संसाधनों वाले वर्ग, अब भी चुनौतियों का सामना करते हैं। InterACT लैब ऐसे उपयोगकर्ताओं के साथ मिलकर काम करती है, ताकि उनकी वास्तविक समस्याओं को समझा जा सके और व्यावहारिक समाधान विकसित किए जा सकें।

डॉ. बड़ा बताते हैं, “हम उपयोगकर्ताओं और अन्य हितधारकों के साथ सहानुभूति के साथ जुड़कर उनकी वास्तविक चुनौतियों, उनके मूल कारणों और ज़रूरतों को समझते हैं, और फिर चरणबद्ध तरीके से समाधान तैयार करते हैं। हमारा उद्देश्य ऐसी तकनीक बनाना है जो लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला सके।”

लैब का एक प्रमुख कार्यक्षेत्र तकनीक-सहायित पुनर्वास है। इसमें स्पर्श और कंपन पर आधारित हैप्टिक तकनीक और खेल आधारित तरीकों के माध्यम से पुनर्वास को अधिक रोचक और आत्मनिर्भर बनाने पर काम किया जा रहा है।

SPARSH परियोजना के अंतर्गत ऐसे पहनने योग्य हैप्टिक उपकरण विकसित किए जा रहे हैं, जो दिव्यांगजनों और बुज़ुर्गों को प्रशिक्षण और पुनर्वास के दौरान स्थानिक समझ, क्षमताओं और आपसी संवाद को बेहतर बनाने में सहायता करते हैं।

InterACT लैब कम लागत और सरल तकनीकों पर भी काम कर रही है। प्रोजेक्ट नाम्या के अंतर्गत एक लचीले, हाथ में पकड़े जाने वाले उपकरण का परीक्षण किया गया है, जो आकार में मोबाइल फोन जैसा है। इसकी मदद से दृष्टिबाधित और नेत्रहीन उपयोगकर्ता डिवाइस को मोड़कर ज्यामितीय आकृतियाँ बना सकते हैं, जिससे सीखना अधिक सहज और इंटरैक्टिव हो जाता है।

इसी तरह, प्रोजेक्ट गीता (GITA: Gyan In The Air) के तहत यह अध्ययन किया जा रहा है कि कैसे खेल और इमर्सिव तकनीकें, जैसे ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), वर्चुअल रियलिटी (VR) और मिक्स्ड रियलिटी (MR), विभिन्न क्षमताओं वाले शिक्षार्थियों के लिए शिक्षा को अधिक रोचक और अनुभवात्मक बना सकती हैं।

तकनीक के साथ अधिक सहज और स्वाभाविक संवाद का डिज़ाइन

InterACT लैब का दूसरा प्रमुख क्षेत्र यह समझना है कि मनुष्य स्वाभाविक रूप से तकनीक से कैसे संवाद करता है, जैसे स्पर्श, इशारों, आवाज़, आँखों की गति और भौतिक वस्तुओं के माध्यम से। इसका उद्देश्य तकनीक के साथ संवाद को सरल, सहज और स्वाभाविक बनाना है।

डॉ. बड़ा कहते हैं,“हम चाहते हैं कि तकनीक के साथ हमारा संवाद प्राकृतिक लगे। इसके लिए हम ऐसे नए तरीकों पर काम कर रहे हैं, जो बिना किसी जटिलता के सहज अनुभव प्रदान करें।”

इस क्षेत्र में चल रहे शोध में इमर्सिव वातावरण में इशारों के माध्यम से संवाद शामिल है, जिससे उपयोगकर्ता डिजिटल प्रणालियों के साथ अधिक सहज और नियंत्रित महसूस कर सकें। इसके साथ ही, लैब राजस्थान की पारंपरिक कठपुतली कला (कठपुतली) को डिजिटल माध्यम में प्रस्तुत करने पर भी कार्य कर रही है, ताकि उभरती तकनीकों के माध्यम से स्थानीय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और प्रचार किया जा सके।

संवेदनशीलता और उद्देश्य के साथ तकनीक का डिज़ाइन

IIT जोधपुर की InterACT लैब अपने कार्यों के माध्यम से डिज़ाइन, तकनीक, समावेशन और संस्कृति को एक साथ जोड़ती है। सहायक उपकरणों और डिजिटल संवाद के नए तरीकों के विकास के ज़रिए लैब का लक्ष्य विभिन्न क्षमताओं वाले लोगों की स्वतंत्रता, पहुँच और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।

डॉ. बड़ा कहते हैं, “हमारा लक्ष्य ऐसी तकनीक विकसित करना है जो लोगों को उनके दैनिक जीवन में सशक्त बनाए। हम एक ऐसे भविष्य की कल्पना करते हैं जहाँ तकनीकी समाधान और डिजिटल अनुभव सभी के लिए उपयोगी, सरल, समावेशी और अर्थपूर्ण हों।”

InterACT लैब, IIT जोधपुर के बारे में

IIT जोधपुर के स्कूल ऑफ़ डिज़ाइन स्थित इंटरैक्शन एंड क्रिएटिव टेक्नोलॉजी (InterACT) लैब सहायक तकनीक, इमर्सिव तकनीक, मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मानव–कंप्यूटर संवाद और समावेशी डिज़ाइन के क्षेत्र में कार्य करती है। यह लैब शिक्षा, पुनर्वास, डिजिटल अनुभवों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के लिए व्यावहारिक और मानव-केंद्रित समाधान विकसित करती है, जिससे समानता, आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता को बढ़ावा मिलता है।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें:
Office of IIT Connect, IIT जोधपुर
फोन: 0291-2801025
ईमेल: pro@iitj.ac.in

 

  Video Byte and Photograph Link

Video:- Sparks of IIT Jodhpur- Dr. Pranjal Pratim Bada 

Tuesday, December 9, 2025

पांरपरिक चिकित्सा पर द्वितीय डब्ल्यूएचओ वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन

आयुष//Azadi Ka Amrit Mahotsav//प्रविष्टि तिथि: 09 December 2025 at 5:37PM by PIB Jaipur

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा दिनांक 17-19 दिसम्बर, 2025 को नई दिल्ली में विशेष आयोजन 


जयपुर: 09 दिसंबर 2025: (By PIB Jaipur//राजस्थान स्क्रीन डेस्क)::

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा दिनांक 17-19 दिसम्बर, 2025 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में पांरपरिक चिकित्सा पर द्वितीय डब्ल्यूएचओ वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी केन्द्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान में अनुसंधान अधिकारी, वैज्ञा.-2, प्रभारी अधिकारी डॉ. निधि महाजन ने जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। डॉ. महाजन ने बताया कि वर्ष 2023 में गुजरात में आयोजित पहले संस्करण के बाद, भारत पारंपरिक चिकित्सा पर दूसरे डब्ल्यूएचओ वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन भारत के "सर्वे भवंतु सुखिन:, सर्वे संतु निरामया:” के दृष्टिकोण के अनुरुप, मानवता के स्वास्थ्य, खुशी और भलाई के लिए पारंपरिक चिकित्सा को मुख्यधारा में लाने के सामूहिक वैश्विक प्रयास में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का विषय (थीम) “पुनः स्थापन करना: स्वास्थ्य और कल्याण का विज्ञान और अभ्यास” है। इस आयोजन में 100 से अधिक देशों के मंत्री, नीति निर्माता, वैश्विक स्वास्थ्य नेता, शोधकर्ता, विशेषज्ञ, उद्‌योग प्रतिनिधि और चिकित्सक एक साथ आएंगे। पारंपरिक चिकित्सा में भारत के वैश्विक नेतृत्व पर जोर देते हुए, डॉ. महाजन ने कहा कि आयुष प्रणालियाँ - आयुर्वेद, योग और नेचुरोपैथी, यूनानी, सिद्ध, सोवा-रिग्पा और होम्योपैथी-सदियों से लोगों की सेवा कर रही हैं और आज दुनिया भर में समग्र स्वास्थ्य के लिए विश्वसनीय समाधान के रूप में पहचानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत की साझेदारी में जामनगर, गुजरात में डबल्यूएचओ ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर की स्थापना, भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों में बढ़ते वैश्विक विश्वास को दर्शाती है। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सम्मेलन के समापन समारोह में आगमन की अपेक्षा है। यह शिखर सम्मेलन पारंपरिक, पूरक, एकीकृत और स्वदेशी दवाओं को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणालियों में साक्ष्य-आधारित, न्यायसंगत और टिकाऊ एकीकरण के लिए एक दशक लंबे रोडमैप को आकार देगा। शिखर सम्मेलन के दौरान “अश्वगंधाः पारंपरिक जान से वैश्विक प्रभाव तक - प्रमुख वैश्विक विशेषज्ञों के दृष्टिकोण" नामक एक केंद्रित पूरक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो अश्वगंधा की वैज्ञानिक समझ को गहरा करने के लिए प्रमुख शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और चिकित्सकों को एक साथ लाएगा। 

केन्द्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (मुख्यालय), एक स्वायत्त निकाय के रूप में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्य करती है, जो कि होम्योपैथी के क्षेत्र में भारत में एक शीर्ष अनुसंधान संगठन है। केन्द्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद, होम्योपैथी के क्षेत्र में वैज्ञानिक अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इसकी स्थापना 1978 में हुई और मुख्यालय नई दिल्ली में है।  इसका प्रमुख उद्देश्य होम्योपैथी के वैज्ञानिक सत्यापन और वैश्विक स्वीकृति सुनिश्चित करने के लिए उच्च गुणवता वाले अनुसंधान का कार्य करना, समन्वय करना और विकसित करना है। केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद अपने संस्थानों के समूह के माध्यम से पूरे भारत में बहु-केंद्रित अनुसंधान आयोजित करता है, जो कई प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंदित करता है। इनमें औषधि अनुसंधान, औषधि प्रमाणीकरण (स्वस्थ स्वयंसेवकों पर परीक्षण), होम्योपैथिक दवाओं का मानकीकरण, और उनके चिकित्सीय प्रभावों का नैदानिक सत्यापन शामिल है। इसके अतिरिक्त, परिषद विभिन्न रोगों के लिए होम्योपैथिक उपचार की प्रभावकारिता का आकलन करने के लिए कई ग्राहच्छिक नैदानिक परीक्षणों सहित नैदानिक अनुसंधान आयोजित करती है। 

ये परीक्षण पारंपरिक अवधारणाओं को आधुनिक वैज्ञानिक पद्‌धतियों के साथ एकीकृत करते हैं। परिषद मौलिक अनुसंधान में भी कार्यशील है, जो होम्योपैथिक सिद्‌धांतों के पीछे के मूल विज्ञान का पता लगाने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निकायों के साथ सहयोग करती है। केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद, स्वास्थ्य रक्षण कार्यक्रम, अनुसूचित जाति उप योजना स्वास्थ्य शिविरों आदि जैसी कई सार्वजनिक स्वास्थ्य पहलों में भी सक्रिय योगदानकर्ता है। इस प्रकार, केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद, होम्योपैथी के लिए प्रमाणधारीत डेटा उत्पन्न करने और प्रकाशनों के माध्यम से अनुसंधान निष्कर्षों को प्रसारित करने के लिए अहम भूमिका निभाता है, जिससे अनुसंधान और सार्वजनिक स्वास्थ्य पहलों, दोनों से होम्योपैथी की गुणवत्ता और अनुप्रयोग को मजबूत किया जा सके। 

इस अवसर पर केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान, जयपुर के मीडिया प्रभारी डॉ. उत्तम सिंह ने बताया कि संस्थान की स्थापना 1979 में हुई। यह केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद के तहत आयुष मंत्रालय का एक प्रमुख शोध संस्थान है। और NABH एवं लैब NABL प्रमाणित है। केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान को वर्ष 2025 में डॉ. सर्वपली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्‌यालय, जोधपुर से पीएचडी करवाने की मान्यता प्राप्त हुई है।

(रिलीज़ आईडी: 2200962) 

Saturday, November 29, 2025

अलवर की राजीविका बहनों से की मुलाक़ात

Rajasthan Jaipur//Alwar News on 29th November 2025 Regarding Women Empowerment

 केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री ने बताये सफलता के विशेष गुर 

उत्पादों के बाज़ारीकरण हेतु तीन स्तरीय रणनीति बनाने के निर्देश


जयपुर
//अलवर: 29 नवंबर 2025: (मीडिया लिंक रविंदर / /राजस्थान स्क्रीन डेस्क) ::

महिलाओं के बिना संसार भी नहीं चल सकता और घर परिवार भी। इसलिए महिलाएं घर बार और संसार को सफलता से चलाने के लिए स्वयं बढ़चढ़ कर आगे आ रही हैं। इस दिशा में समाज और सरकार दोनों ही महिलाओं के साथ आएं तो बात बहुत तेज़ी से बन जाएगी। सरकार महिलाओं को बता रही है कि किस तरह से महुला सशक्तिकरण हीसमाज को मज़बूत बना सकता है। 

इसी भावना और मकसद से केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शनिवार को अलवर की राजीविका बहनों ने मुलाक़ात की। यह भेंट केंद्रीय मंत्री के विशेष निमंत्रण पर आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने राजीविका बहनों के उत्पादों को देशभर में पहचान दिलाने और बेहतर बाज़ार उपलब्ध करवाने हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। यह सहयोग तेज़ी से उपलब्ध भी होने लगा है। 

इस भेंट में केंद्रीय मंत्री ने राजीविका बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए राजीविका उत्पादों की स्पष्ट पहचान, उत्पादों के मूल्यवर्धन हेतु प्रशिक्षण की सुव्यवस्थित व्यवस्था, तैयार उत्पादों के लिए बेहतर बाज़ार एवं विपणन अवसर उपलब्ध करवाने हेतु तीन स्तरीय कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इस कार्ययोजना के बहुत अच्छे परिणाम भी जल्द सामने आएंगे   

इसी दिशा में प्रशिक्षण और विपणन सहायता को प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने वी-शक्ति ट्रस्ट को भी विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही यह आश्वासन दिया कि विभिन्न विभागों को निर्देशित किया जाएगा कि वे राजीविका बहनों को उत्पाद विक्रय हेतु उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाएं। इस कदम से जल्द ही महिमा सशक्तिकरण में एक क्रांति आ जाएगी। 

इस सुअवसर पर राजीविका बहनों ने केंद्रीय मंत्री श्री यादव को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि अलवर सांसद खेल उत्सव तथा राजीविका–वी शक्ति मेले में भोजन उपलब्ध करवाने के अवसर से उन्हें लगभग 15 लाख रुपये का ऑर्डर प्राप्त हुआ तथा मेले में भी उनके उत्पादों की लाखों रुपये की बिक्री हुई। इससे समूहों को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी प्रगति मिली। इस सफलता का ेटासिक असर पूरे समाज पर पड़ेगा। 

अपनी इस मुलाक़ात के दौरान राजीविका बहनों ने श्री यादव को अपने हस्तनिर्मित “बाजरे के लड्डू” और “राजीविका बहनों की पाती” भेंट स्वरूप प्रस्तुत की, जिसे मंत्री जी ने उत्साहपूर्वक स्वीकार किया। गौरतलब है कि बाजरे के इन लडडुओं को स्वाद और सम्मान के क्षेत्र में बहुत महत्व हासिल है। 

यह मुलाक़ात राजीविका बहनों के लिए नई संभावनाओं और सशक्तिकरण के नए आयाम खोलने वाली साबित हुई। अच्छा हो अगर यह योजनाएं देश के कोने कोने में पहुंच जाएं। कोई भी महिला ,  कोई भी घर आर्थिकक तौर पर कमज़ोर न रहे। हर घर में खुशहाली हो और मां लक्ष्मी की कृपा रहे। 

——नेमीचंद / आशुतोष——   

Wednesday, October 1, 2025

ग्रामीण विकास मंत्री ने किया सुमंगल दीपावली मेला– 2025 का शुभारंभ

 RJPRD//1st October 2025//राजीविका

मेला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता का प्रतीक

*महिला सशक्तीकरण का एक सशक्त मंच यह मेला-डॉ. किरोडी लाल 

*1 से 12 अक्टूबर तक इंदिरा गांधी पंचायती राज ग्रामीण विकास संस्थान परिसर में हो रहा आयोजन 

जयपुर: पहली अक्टूबर 2025: (मीडिया लिंक रविंदर//राजस्थान स्क्रीन डेस्क)::


ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने  राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के सौजन्य से इंदिरा गांधी पंचायती राज सस्थान में आयोजित हो रहे सुमंगल दीपावली मेला–2025 का बुधवार को  शुभारंभ किया । उन्होंने कहा कि यह मेला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि ग्रामीण जीवन, कला, संस्कृति और महिला सशक्तीकरण का एक सशक्त मंच है जो ग्रामीण महिलाओं के जीवन में नई रोशनी लेकर आएगा।

डॉ. किरोड़ी ने कहा कि राजीविका ने प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और विपणन अवसर प्रदान कर ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाया है। आज ये महिलाएँ न केवल अपने परिवारों का संबल हैं बल्कि गाँव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बना रही हैं। उन्होंने मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से बात कर उनकी संख्या, लागत और आय के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आमजन से इस मेले में अधिक से अधिक खरीदारी करने का आह्वान किया तथा कहा कि यहां से  खरीदा गया प्रत्येक उत्पाद केवल एक वस्तु नहीं बल्कि हमारी ग्रामीण बहनों की मेहनत और सपनों का प्रतीक है। उन्होंने अलवर के स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाई गई स्टॉल से दीये खरीद कर यूपीआई से भुगतान किया। 

उल्लेखनीय है कि यह मेला 1 से 12 अक्टूबर तक इंदिरा गांधी पंचायती राज ग्रामीण विकास संस्थान परिसर जवाहर लाल नेहरू मार्ग जयपुर में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में 65 हैंडीक्राफ्ट स्टॉल्स एवं 10 स्टॉल्स से सजा भव्य फूड कोर्ट आकर्षण के केंद्र हैं। यहाँ आगंतुकों को राजस्थान के विविध जिलों के हस्तनिर्मित उत्पाद और परम्परागत राजस्थानी व्यंजनों का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है।

मेले में जयपुर की ब्लू पॉटरी, सांगानेरी व बगरू प्रिंट, कोटा डोरिया साड़ी, सवाई माधोपुर की लाख की चूड़ियाँ, राजसमंद की मीनाकारी एवं मोलेला पॉटरी, बीकानेर के अचार व नमकीन, अलवर का टेराकोटा, भरतपुर के जूट उत्पाद, नागौर की कैर, सांगरी व कसूरी मेथी, बांसवाड़ा के तीर-कमान, श्रीगंगानगर के सॉफ्ट टॉयज, दौसा एवं जालोर की राजस्थानी जूतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

मेले में आगंतुक राजस्थानी भोजन दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी, बाजरे व ज्वार की रोटी, कढ़ी-पकोड़ी, घेवर, मालपुआ, फेणी और रबड़ी जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का लुफ्त भी उठा रहे हैं।

इस अवसर पर राज्य मिशन निदेशक श्रीमती नेहा गिरि एवं परियोजना निदेशक (प्रशासन) श्रीमती प्रीति सिंह सहित  अन्य विभागीय अधिकारी और  स्वयं सहायता समूहों की महिलाए उपस्थिति रही।

———//नेमीचन्द—आशुतोष/ब्रजेश

Friday, September 26, 2025

कॉफी विद डीईओ निबंध प्रतियोगिता सफलता पूर्वक संपन्न

26 सितम्बर 2025 RJPRD News 

विजेताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया सम्मानित


अजमेर
: 26 सितम्बर 2025: (मीडिया लिंक रविंद्र//राजस्थान स्क्रीन डेस्क)::

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विश्व साक्षरता दिवस 8 सितंबर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकबंधु ने तीनों विजेताओं से संवाद करते हुए उनके साथ कॉफी विद डीईओ थीम पर कार्यक्रम में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्वीप कॉलेज ईएलसी गतिविधि के अंतर्गत मतदाता शिक्षा महत्वपूर्ण है विषय पर यह निबंध प्रतियोगिता रखी गई थी। जिले के समस्त सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। विभिन्न महाविद्यालयों से प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। इस मंडल में महाविद्यालय स्तर की नोडल अधिकारी प्रोफेसर भारती प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति ककवानी तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप जिला नोडल अधिकारी श्री राम प्रकाश शामिल थे।

उन्होंने बताया कि निर्णायकों की समीक्षा के बाद प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। इसमें सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के छात्र श्री विक्रम सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रतनलाल कंवरलाल पाटनी कॉलेज किशनगढ़ की छात्रा समीक्षा टांक द्वितीय स्थान पर रही एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्रा पायल कंवर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकबंधु ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि युवा मतदाता जागरूकता के सशक्त माध्यम हैं। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति विश्वास और जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की रचनात्मकता और सक्रियता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर निर्णायक मंडल की सदस्य प्रोफेसर भारती प्रकाश सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tuesday, August 26, 2025

गणेश चतुर्थी पर्व (27 अगस्त) पर बधाई

 राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने शुभकामनाएं दी हैं 


जयपुर: 26 अगस्त 2025: (मीडिया लिंक रविंदर//राजस्थान स्क्रीन डेस्क)::

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने गणेश चतुर्थी पर्व (27 अगस्त)  पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल श्री बागडे ने कहा है कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य है।  वह सभी प्रकार की बाधाओं को दूर करने वाले और मंगल करने वाले  हैं। ऐसे भगवान श्री गणेश का हम वंदन, अभिनंदन करते हैं।

उन्होंने गणेश चतुर्थी  उमंग और उत्साह से मनाने के साथ गणेशोत्सव पर भगवान श्री गणेश से राष्ट्र और प्रदेश की समृद्धि, सम्पन्नता और खुशहाली की कामना की है।  ----

डॉ. राजेश व्यास/आशुतोष


Monday, August 25, 2025

मताधिकार और नैतिक मतदान के प्रति जागरूक

प्रदेश के विद्यार्थी अब होंगे  अधिकारों के प्रति और जागरूक 

निर्वाचन विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के बीच हुआ एमओयू 

प्रदेश के विद्यार्थियों में मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में यह एमओयू मील का पत्थर 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी 

एमओयू के माध्यम से स्कूल शिक्षा में निर्वाचन साक्षरता शामिल कर निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) का सुदृढ़ीकरण एवं सुचारू संचालन संपन्न हो सकेगा-शिक्षा सचिव


जयपुर: 25 अगस्त 2025: (मीडिया लिंक रविंदर/ /राजस्थान स्क्रीन डेस्क )::

निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में निर्वाचन विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के बीच सोमवार को शासन सचिवालय, जयपुर में ऐतिहासिक एमओयू हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन एवं शासन सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग श्री कृष्ण कुणाल ने इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस संयुक्त एमओयू के तहत राज्य के समस्त माध्यमिक / उच्च माध्यमिक स्तर के  राजकीय एवं निजी विद्यालयों में भारत निर्वाचन आयोग की संकल्पना को साकार करते हुए स्कूल निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) का सुदृढ़ीकरण एवं ईएलसी गतिविधियों का सुचारू संचालन संपन्न हो सकेगा।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री महाजन ने कहा कि राज्य में स्कूल शिक्षा विभाग के पर्यवेक्षण में राजकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों को शामिल करते हुए निर्वाचन साक्षरता क्लब गठित कर संचालित किया जा रहे हैं। इन क्लबों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए शाला दर्पण पोर्टल एवं प्राइवेट स्कूल पोर्टल पर ऑनलाइन ईएलसी एंट्री मॉड्युल उपलब्ध कराया गया है। देश में राजस्थान स्कूल ईएलसी के सुदृढ़ीकरण हेतु डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने वाला संभवतः पहला राज्य है। अब कक्षा 9 से 12वीं में अध्ययनरत 17 वर्ष के समस्त विद्यार्थियों का अग्रिम रूप से मतदाता पंजीकरण आसान होगा और 18 वर्ष की आयु को पूर्ण करते ही विद्यार्थियों को उनका मतदाता पहचान पत्र प्राप्त हो जाएगा, जिससे वो आगामी चुनावों में सक्रिय मतदाता के रूप में अपना कर्तव्य निभा सकेंगे।

श्री महाजन ने  कहा कि  इस MoU का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर मतदाता शिक्षा, जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना तथा भावी मतदाताओं में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करना है। साथ ही भविष्य में भारत निर्वाचन आयोग एवं शिक्षा मंत्रालय – भारत सरकार के निर्देशन में एनसीईआरटी द्वारा विकसित मतदाता शिक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम को राज्य की स्कूल शिक्षा में शामिल किया जाना प्रस्तावित है।

शासन सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग श्री कृष्ण कुणाल ने कहा कि इस एमओयू से हम विद्यार्थियों के समग्र विकास की ओर अग्रसर होंगे और उनमें मतदाता शिक्षा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का समावेश हो सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सत्र 2025-26 के शिविरा कैलेंडर में ईएलसी गतिविधियों को पहले ही शामिल कर लिया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत मतदाता जागरूकता से संबंधित अध्याय भी जोड़े जा रहे। राज्य के विद्यालयों में संचालित ईएलसी क्लब एवं आयोजित गतिविधियों  की शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से दोनों विभागों द्वारा विभिन्न स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होने कहा कि इस एमओयू से हम मतदाता जागरूकता एवं शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य कर सकेंगे।

श्री कुणाल ने कहा कि आज निष्पादित किए गए MoU के माध्यम से हम निर्वाचन विभाग के साथ संकल्प लेते हैं कि विद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता के लिए अनुकूल वातावरण विकसित कर हमारे विद्यार्थियों को उनके वोट के महत्व और मूल्य के बारे में प्रभावी रूप से शिक्षित करेंगे और सशक्त लोकतंत्र की ओर अग्रसर होंगे।

यूथ चला बूथ का विमोचन—

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने निर्वाचन विभाग द्वारा शुरू की गयी त्रैमासिक विभागीय पत्रिका (यूथ चला बूथ) का विमोचन भी किया गया। उन्होंने कहा कि यूथ चला बूथ पत्रिका खास तौर पर युवा मतदाताओं पर केंद्रित है जिसमें प्रमुख रूप से ईएलसी यानि निर्वाचन साक्षरता क्लब में होने वाली जागरूकता गतिविधियों को शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा अभियान (एसएमएसए), राजस्थान शिक्षा परिषद एवं आयुक्त, स्कूल शिक्षा श्रीमती अनुपमा जोरवाल एवं संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रौनक बैरागी सहित दोनों विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

——//बनवारी यादव/रवीन्द्र सिंह//------